नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और आदिल अहमद खान के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि आप नेताओं ने दिल्ली प्रदूषण पर व्यंग्य करते हुए सांता क्लॉज को बेहोश दिखाकर ईसाई समुदाय के पवित्र प्रतीक की मॉकरी की। वीडियो में सांता क्लॉज को मास्क पहने प्रदर्शन करते दिखाया गया, जिसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया गया। शिकायत के मुताबिक, 17 और 18 दिसंबर 2025 को इन नेताओं ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो कनॉट प्लेस में किए गए एक राजनीतिक स्किट से जुड़ा है। वीडियो में सांता क्लॉज जो ईसाई समुदाय के लिए एक पवित्र और सम्मानित धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीक हैं, को मजाकिया और अपमानजनक तरीके से दिखाया गया है। वीडियो में सांता क्लॉज को सड़क पर बेहोश होकर गिरते हुए दिखाया गया और उन्हें राजनीतिक संदेश देने के लिए एक प्रॉप (साधन) की तरह इस्तेमाल किया गया। वीडियो में नकली सीपीआर करते हुए सांता क्लॉज का मजाक उड़ाया गया, जिससे सेंट निकोलस और क्रिसमस पर्व की पवित्रता को ठेस पहुंची। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/26/ दिसंबर/2025