- जल्द ही जोड़े जाएंगे लग्जरी कोच नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली मेट्रो में जल्द ही लग्जरी कोच जोड़े जाएंगे। प्रदूषण कम करने की नई रणनीति पर केंद्र सरकार का खास फोकस दिख रहा है। राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए अब मेट्रो सेवा को नए अंदाज में अपग्रेड करने की तैयारी है। केंद्र सरकार ने मेट्रो को ज्यादा आरामदायक और आकर्षक बनाने की दिशा में बड़ा संकेत दिया है, जिससे निजी वाहनों पर निर्भरता घटाई जा सके। दिल्ली मेट्रो की छह बोगियों वाली ट्रेनों में जल्द ही लग्जरी कोच जोड़े जाएंगे। इन कोचों में यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ ऑफिस कैबिन जैसी आरामदायक सीटिंग का अनुभव मिलेगा। हालांकि, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को सामान्य किराए से अतिरिक्त शुल्क देना होगा। शुल्क की राशि फिलहाल तय नहीं की गई है। सरकार का कहना है कि इस अतिरिक्त आय का उपयोग मेट्रो में आम यात्रियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने में किया जाएगा। केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने लाजपत नगर के नेहरू नगर में आयोजित जनसभा के दौरान इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेट्रो को अधिक सुविधाजनक बनाने से लोग निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन की ओर आकर्षित होंगे। इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या घटेगी, धुएं में कमी आएगी और वायु प्रदूषण पर नियंत्रण आसान होगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/27/दिसंबर/2025