क्षेत्रीय
27-Dec-2025
...


कांकेर(ईएमएस)। विधायक आशाराम नेताम ने अपने विधानसभा क्षेत्र में किसानों की मांग पर सिंचाई सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए दो महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इनमें पहला कार्य ग्राम कोचवाही में 3.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एनीकट का है, जबकि दूसरा रिसेवाड़ा में 5.76 करोड़ रुपये की लागत से जलाशय जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य से संबंधित है। भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि ये दोनों परियोजनाएं जल संरक्षण, कृषि समृद्धि और ग्रामीण विकास की दिशा में एक अहम कदम हैं। इनके पूर्ण होने से क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, किसानों को नियमित जल उपलब्ध होगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ गांवों की आर्थिक स्थिति सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ग्रामीण विकास, किसान कल्याण और जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है। ये परियोजनाएं “विकसित गांव–समृद्ध किसान” की संकल्पना को साकार करने में मजबूत आधार साबित होंगी। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों में परियोजनाओं को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।