मुंबई, (ईएमएस)। बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान ने अपने 60वें जन्मदिन पर पदार्पण किया है। सलमान का शनिवार को 60वां जन्मदिन था। सलमान के जन्मदिन पर फैंस में खास उत्साह रहा। सलमान का जन्म 27 दिसंबर 1965 को हुआ था और आज 60 साल की उम्र में भी वे फिल्म इंडस्ट्री में उतने ही सक्रिय और फिट हैं, जितने अपनी जवानी में थे। असल में, भाईजान की शक्ल देखकर भी नहीं लगता कि वे अब 60 के हो गए हैं। उनके जन्मदिन की एक खास बात यह रही कि उनके 60वें जन्मदिन पर बांद्रा-वर्ली सीलिंक पर उनकी प्रतिमा वाली लाइटिंग करके विश किया गया है। फिल्म इंडस्ट्री में पिछले तीन दशकों से बॉक्स ऑफिस पर राज कर रहे सलमान का करियर काफी दिलचस्प और उतार-चढ़ाव भरा रहा है। सलमान ने 1988 में फिल्म बीवी हो तो ऐसी में सपोर्टिंग रोल से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। हालांकि, उनके लिए असली ब्रेकथ्रू 1989 में आई फिल्म मैंने प्यार किया थी। इस फिल्म के लिए उन्हें शुरुआत में सिर्फ 31,000 रुपये फीस मिली थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 75,000 रुपये कर दिया गया था। इस फिल्म ने सलमान को रातों-रात स्टार बना दिया। संजय/संतोष झा- २७ दिसंबर/२०२५/ईएमएस