क्षेत्रीय
28-Dec-2025
...


नए साल पर कंपकंपाने को तैयार दिल्ली पहाड़ों पर बर्फबारी का असर नई दिल्ली (ईएमएस)। साल 2026 की शुरुआत दिल्ली में कड़ाके की ठंड, कोहरे और बर्फीली हवाओं के साथ होगी। आईएमडी के अनुसार 3 जनवरी से ठंड बढ़ेगी, जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक दिख सकता है। नए साल के आगमन के साथ ही दिल्ली एनसीआर को कड़ाके की ठंड, बर्फीली हवाएं और कोहरे ने पूरी तरह से घेर लिया है। इसके साथ ही प्रदूषण के गंभीर स्तर ने लोगों का जीना और मुश्किल कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि 3 जनवरी से तापमान में और गिरावट आ सकती है। फिलहाल दिल्ली एनसीआर में हल्का कोहरा और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि तापमान स्थिर बना हुआ है। आईएमडी के अनुसार यह बदलाव नए साल के जश्न और प्लानिंग पर सीधे असर डाल सकता है। दिल्ली एनसीआर में 2 जनवरी तक करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है। सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन बहुत घने कोहरे की संभावना नहीं जताई गई है। 28 दिसंबर के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली का तापमान 21.6 डिग्री और एक्यूआई 569 दर्ज किया गया। नोएडा में 21.9 डिग्री तापमान के साथ एक्यूआई 682, गाजियाबाद में 20.8 डिग्री और एक्यूआई 691 रहा। गुरुग्राम का एक्यूआई 499 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 595 दर्ज किया गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/28/दिसंबर/2025