क्षेत्रीय
30-Dec-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के पर्यटन, मनोरंजन और खेल क्षेत्रों के लिए 2025 मिला-जुला साल रहा। आतंकी हमलों, वायु प्रदूषण और इंडिगो उड़ानों की समस्याओं ने इन क्षेत्रों को प्रभावित किया। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय आयोजनों, खेल प्रतियोगिताओं और सरकारी नीतियों (जैसे होटल जीएसटी में कमी सिंगल विंडो सिस्टम) ने उत्साह बढ़ाया। सरकार ने दिल्ली को आयोजन हितैषी शहर बनाने पर जोर दिया, जिससे अर्थव्यवस्था को लाभ हुआ, लेकिन सुरक्षा और पर्यावरण चुनौतियां बनी रहीं। पर्यटन, मनोरंजन व खेल क्षेत्र के लिए सबसे जरूरी स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण की दरकार होती है। दिल्ली में इस वर्ष यह तीनों प्रभावित रहा। लाल किला के सामने आतंकी बम धमाके, महीनों से छाए वायु प्रदूषण के साथ ही इंडिगो हवाई उड़ानों के जमीन पर आने से सबसे अधिक झटका पर्यटन मनोरंजन व खेल माहौल को लगा। स्थिति यह कि जहरीली हवा के चलते आउटडोर आयोजनों के साथ खेल की गतिविधियां प्रतिबंधित हो गई। उत्सवी आयोजन निरस्त होने लगे। इस माहौल के बीच, लाल किला में यूनेस्को के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, गुरु तेग बहादुर जी के 350 वें बलिदान दिवस पर भव्य समागम के साथ रुस के राष्ट्रपति पुतिन और प्रसिद्ध फुटबालर मैसी के दौरे, अंतरराष्ट्रीय गायकों के कन्सर्ट और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से खूब उत्साह भी मिला। वायु प्रदूषण के खतरनाक होने से पूर्व दिल्ली अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला जैसे मेलों और उत्सवों से खूब गुलजार रही है। वर्ष 2025 दिल्ली के पर्यटन,मनोरंजन तथा खेल के लिए मिश्रित वर्ष रहा। जहां पर्यटन, मनोरंजन और खेल उद्योगों ने नई ऊंचाइयों को छुआ, लेकिन आतंकी हमलों, वायु प्रदूषण और इंडिगो एयरलाइंस विवाद जैसे चुनौतियों ने इन क्षेत्रों को गंभीर रूप से प्रभावित किया। भले ही दिल्ली में इस बार भव्य छठ पूजा का आयोजन हुआ, जिसकी चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर खूब हुई, लेकिन यमुना में क्रूज के माध्यम से सैर का अनूठा अनुभव इस वर्ष भी पूरा नहीं हो पाया। राजधानी के रूप में दिल्ली हमेशा से ही सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आर्थिकी के साथ खेल का प्रमुख केंद्र रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/30/दिसंबर/2025