क्षेत्रीय
30-Dec-2025
...


- अवैध धान से लदे दोनों वाहन जब्त कर थाना करपावंड को आगामी कार्रवाई हेतु सौंप दिए गए जगदलपुर (ईएमएस)। बस्तर जिले में धान उपार्जन के साथ-साथ अवैध धान व्यापार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर हरिस एस के निर्देश पर बकावंड विकासखण्ड में अवैध धान परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अनुविभागीय दंडाधिकारी मनीष वर्मा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए किसान की आड़ में अवैध धान व्यापार का खुलासा किया। धान उपार्जन केंद्र करपावंड के औचक निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि किसान के टोकन का दुरुपयोग कर व्यापारी द्वारा धान खपाने का प्रयास किया जा रहा था। जांच में पाया गया कि कृषक उपेन्द्र भारती के नाम पर जारी टोकन का उपयोग किया जा रहा था, जबकि वे हैदराबाद में निवासरत हैं। उनकी भूमि पर खेती उनके भाई लखीधर भारती द्वारा की गई थी, जिनका वास्तविक उत्पादन 100 क्विंटल था, जबकि टोकन 182 क्विंटल का कटवाया गया था। शेष मात्रा का लाभ उठाने के लिए व्यापारी राजेश गुप्ता ने साजिश रचते हुए दो वाहनों के माध्यम से अवैध रूप से धान उपार्जन केंद्र भेजा। प्रशासनिक टीम की सख्त पूछताछ में मामले की पुष्टि होने पर एसडीएम द्वारा अवैध धान से लदे दोनों वाहन जब्त कर थाना करपावंड को आगामी कार्रवाई हेतु सौंप दिए गए हैं। इस कार्रवाई से जिले में अवैध धान व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण का स्पष्ट संदेश गया है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/30 दिसम्बर 2025