राज्य
31-Dec-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। पारिवारिक विवाद के बाद घर छोड़कर सड़कों पर रह रही नाबालिग लड़की को कथित तौर पर शादी के लिए बेचा गया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची लड़की ने 40 दिन इलाज के बाद दम तोड़ दिया। दिल्ली से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के बाद अपना घर छोड़कर सड़कों पर रहने को मजबूर एक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर पहले तो शादी के लिए बेचा गया और जबरन विवाह कराया गया। कुछ महीनों बाद, हरियाणा में गंभीर हालत में मिलने के बाद उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 40 दिनों तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। इस मामले को सुन कर हर कोई सकते में है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दयालपुर इलाके की रहने वाली यह लड़की 14 साल की उम्र में परिवार से विवाद के बाद घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों ने न तो गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और न ही पुलिस से संपर्क किया। घर से बाहर निकलने के बाद वह सड़कों पर रहने लगी और गुजारा करने के लिए फटे पुराने कपड़े एकत्र करती थी। लंबे समय तक असुरक्षित हालात में रहने से उसकी सेहत लगातार बिगड़ती चली गई। अस्पताल में दर्ज बयान में लड़की ने आरोप लगाया कि उसे राजस्थान में एक व्यक्ति को बेच दिया गया और उसकी जबरन शादी करा दी गई थी। वहां से वह किसी तरह भागने में सफल रही और अंततः हरियाणा पहुंच गई। 24 अक्टूबर को पानीपत में एक राहगीर ने उसे बेहद गंभीर हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। पहले उसे स्थानीय थाने ले जाया गया और बाद में दिल्ली भेजकर जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल लाए जाने के समय वह अत्यधिक कुपोषित थी और कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/31/दिसंबर/2025