:: अलसुबह 4 बजे से ही मंदिरों में लगीं लंबी कतारें, रणजीत हनुमान और बिजासन माता मंदिर में भी रहा नवरात्रि जैसा माहौल :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर में नए साल का स्वागत बेहद उत्साह और गहरी आस्था के साथ किया गया। कल रात जश्न मनाने के बाद, आज सुबह होते ही शहर के सभी प्रमुख मंदिर, शिवालय और आराधना स्थल शंख ध्वनि और घंटों की गूंज से सराबोर हो गए। नए साल की शुरुआत ईश्वर के आशीर्वाद के साथ करने के लिए लाखों की संख्या में भक्त सड़कों पर निकल पड़े, जिससे शहर की सड़कों पर आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। :: खजराना में रिकॉर्ड दर्शन, प्रशासन को करनी पड़ी मशक्कत :: विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में अलसुबह भगवान का विशेष अभिषेक और अनुष्ठान किया गया। मुख्य पुजारी अशोक भट्ट के अनुसार, भगवान को नवीन वस्त्र धारण कराए गए और भक्तों के लिए पट सुबह 4 बजे ही खोल दिए गए थे। सुबह 11 बजे तक ही लगभग दो लाख लोग दर्शन कर चुके थे और रात तक यह संख्या पांच लाख के पार पहुँच गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और मंदिर प्रशासन ने अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की ताकि यातायात और दर्शन सुचारू रूप से चलते रहें। :: रणजीत हनुमान और बिजासन धाम में रहा भारी उत्साह :: रणजीत हनुमान मंदिर में भक्तों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर मंगल भविष्य की कामना की। वहीं, बिजासन माता मंदिर में नवरात्रि जैसा माहौल नजर आया, जहाँ पहाड़ी तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। अन्नपूर्णा मंदिर, बड़ा गणपति और विद्याधाम में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए भी रवाना हुए। :: गुरुद्वारों में गूंजा शबद कीर्तन, हुई अरदास :: भक्ति का यह नजारा केवल मंदिरों तक सीमित नहीं रहा। शहर के प्रमुख गुरुद्वारों जैसे इमली साहिब और तोपखाना गुरुद्वारा में भी श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। यहाँ विशेष शबद कीर्तन और अरदास का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त मानवता के कल्याण और सुख-शांति की कामना की गई। शहर के चर्च और अन्य धार्मिक स्थलों पर भी प्रार्थना सभाओं के साथ नए साल का गरिमामय स्वागत हुआ। प्रकाश / 01 जनवरी 2026