क्षेत्रीय
02-Jan-2026
...


नारायणपुर(ईएमएस)। जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में अंधविश्वास एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। थाना सोनपुर क्षेत्र के ग्राम इरपानार में जादू-टोना (टोनही) के संदेह में 48 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज घटना शाम करीब 7 बजे की है। पुलिस के अनुसार, मृतका का पति लक्ष्मण मेटामी उस समय अपने साले के घर आग तापने गया हुआ था। इसी दौरान मुख्य आरोपी पंडी राम वड्डे अपने साथियों के साथ जबरन महिला के घर में घुस आया। आरोपियों ने लकड़ी के डंडे और फरसा की बेंट से महिला के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह हत्या अंधविश्वास और जादू-टोना के शक के चलते की गई। क्षेत्र में फैली ऐसी कुरीतियों ने एक निर्दोष महिला की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही थाना सोनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध क्रमांक 12/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी पंडी राम वड्डे को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर यह रेखांकित करती है कि अंधविश्वास और टोनही जैसे आरोप आज भी समाज में जानलेवा बने हुए हैं। इस वारदात ने न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि सामाजिक जागरूकता और चेतना पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अंधविश्वास के खिलाफ कानून और समाज की संयुक्त लड़ाई की आवश्यकता को यह घटना साफ तौर पर उजागर करती है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 जनवरी 2026