क्षेत्रीय
02-Jan-2026
...


- एपीके फाइल लिंक के जरिये जालसाजो ने की ठगी भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके के बैरसिया थाना क्षेत्र में रहने वाले किसान राधेश्याम शर्मा को अनजान लिंक पर क्लिक करना महंगा पड़ गया। सायबर ठगो के जाल में फंसे फरियादी के खाते से 2 लाख 48 हजार 943 रुपए की रकम निकल गई। जालसाज ने यह ठगी एंड्रॉयड पैकेज किट (एपीके) लिंक के जरिए की, जिसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर किया गया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इलाके में स्थित ग्राम कढ़ैयाशाह में रहने वाले पीड़ित राधेश्याम ने अपनी शिकायत में बताया की वह पेशे से खेती-किसानी करते हे। उनके मोबाइल पर बैंक ऑफ इंडिया के नाम से एक ग्रुप बना हुआ है। बीती 28 दिसंबर को ग्रुप में एक लिंक शेयर की गई थी। यह लिंक बिलकुल बैंक के अधिकारी की लिंक जैसा नजर आ रहा था। राधेश्याम ने जैसे ही उस पर क्लिक किया, उसके कुछ देर बाद ही उनके खाते से रकम कटने के मैसेज आने लगे। चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में उनके एकांउट से 2 लाख 48 हजार 943 रुपए निकल गए। ट्राजेक्शन के मैसेज आते ही राधेश्याम को ठगी का अहसास हो गया। उन्होंने तुरंत ही साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद राज्य साइबर पुलिस ने प्राथमिक स्तर पर शून्य पर प्रकरण दर्ज किया। जांच के बाद केस डायरी बैरसिया पुलिस को भेजी गई, जहां असल कायमी की गई है। हालांकि फरियादी के समय रहते की गई शिकायत के कारण ट्रांजेक्शन होल्ड करवा दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जॉच कर रही है। सायबर सेल ने आमजन को जागरुक करते हुए एक बार फिर अपील की है की एपीके लिंक एंड्रॉयड ऐप की फाइल होती है, जो गूगल प्ले स्टोर के बाहर से भेजी जाती है। इसे क्लिक करने से मोबाइल में मैलवेयर इंस्टॉल हो जाता है। इससे बैंकिंग, ओटीपी की जानकारी ठगों तक पहुंच जाती है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और इंस्टाल फ्रॉम अननॉन बंद रखें। ठगी पर 1930 या सायबर क्राइम की वेबसाइट पर तुरंत ही शिकायत करें। जुनेद / 2 जनवरी