राज्य
05-Jan-2026
...


:: जरूरतमंद रोगियों के लिए 61 हजार की औषधियां सौंपी, निरामय सेवा संजीवन के तहत निरंतर जारी है प्रकल्प :: इन्दौर (ईएमएस)। ब्राह्मण सेवा संगठन के सर्वसमाज सेवा प्रकल्प निरामय सेवा संजीवन ने पीड़ित मानवता की सेवा की अपनी गौरवशाली परंपरा को जारी रखते हुए एक बार फिर मिसाल पेश की है। संगठन द्वारा सोमवार को 26वीं बार एमवाय हॉस्पिटल (MYH) में आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय रोगियों के उपचार हेतु 61 हजार रुपये मूल्य की जीवन रक्षक दवाइयां भेंट की गईं। यह दवाएं “सहायता सीनियर सिटीजन ग्रुप” के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुँचाई जाएंगी। संगठन के अध्यक्ष पं. सत्येन्द्र शर्मा और मीडिया प्रभारी नीलाभ सुगंधी ने बताया कि इस सेवा प्रकल्प में संगठन के संरक्षक पं. अनुपम तिवारी और पं. राजेंद्र–ममता शर्मा के साथ कर्मेशु मातृशक्ति मासिक मैत्री मिलन ग्रुप का भी विशेष आर्थिक सहयोग रहा। दवाओं के वितरण हेतु आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान “सहायता” समूह के अशोक चौरड़िया एवं होलकर का संगठन की ओर से आत्मीय स्वागत किया गया। :: खुले मन से हुई सेवा कार्यों की प्रशंसा :: दवाएं स्वीकार करते हुए अशोक चौरड़िया ने ब्राह्मण सेवा संगठन द्वारा समाज के हर वर्ग के लिए संचालित किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की खुले मन से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से सरकारी अस्पतालों में आने वाले गरीब मरीजों को बड़ी राहत मिलती है। इस पुनीत अवसर पर पं. राजेंद्र शर्मा, पं. जीतेन्द्र व्यास, गजेन्द्र शर्मा सहित मातृशक्ति की ओर से ममता शर्मा, दीपिका शर्मा, आरती मिश्रा और बड़ी संख्या में विप्र बंधु उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर बृजेश पंचोली ने उपस्थित सभी सहयोगियों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया। प्रकाश/05 जनवरी 2026