छिंदवाड़ा (ईएमएस)। चौरागढ़ महादेव मंदिर के महंत गरीबदासजी महाराज का बुधवार को देवलोक गमन हो गया। उनके निधन से छिंदवाड़ा संत समाज और उनके अनुयायियों में शोक की लहर फैल गई। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को चौरागढ़ महादेव मंदिर परिसर में ही किया जाएगा। उनके निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व सांसद नकुलनाथ, भाजपा जिलाअध्यक्ष शेषराव यादव ने भी शोक व्यक्त कियाहै। यादव ने कहा कि गुरुदेव गरीबदासजी महाराज का देवलोक गमन संपूर्ण समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव का आशीर्वाद हमेशा सभी के ऊपर बना रहे। कमलनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि सर्व महंत समाज व सर्वसमाज के लिए महाराज जी का देवलोक गमन अपूरणीय क्षति है। मुझे समय-समय पर महाराज जी की सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। उनका स्नेह व मार्गदर्शन हमेशा प्राप्त हुआ। उनका देवलोक गमन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कहा कि समाज में धर्म की ध्वजा लहराने, शिष्यों पर स्नेह व आशीर्वाद बरसाते हुए देह त्यागने वाले महाराज जी ने समाज को भक्ति व धर्म का मार्ग दिखाया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने जिला कांग्रेस परिवार की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की। संासद ने भी जताया दुख चौरागढ़ महादेव के अनन्य उपासक, सिद्ध संत और पचमढ़ी की आध्यात्मिक पहचान परम पूज्य गरीब दास बाबा के ब्रह्मलीन हो जाने पर सांसद बंटी विवेक साहू ने दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में सांसद ने कहा है कि गरीब दास बाबा केवल एक संत नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या और त्याग का जीवंत प्रतीक थे। उनकी कठोर तपस्या, एकांत साधना और ऊंचाइयों में निवास आज भी श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ईएमएस/मोहने/ 07 जनवरी 2026