वेल्स (ईएमएस)। इंग्लैंड के वेल्स स्थित कार्डिफ में रहने वाले 42 वर्षीय एडम वॉटकिंस के साथ भी यही सोच भारी पड़ गई और एक दिन यह लापरवाही उनकी जिंदगी के लिए बड़ा खतरा बनकर सामने आ गई। एक सुबह एडम जब नींद से जागे, तो उन्होंने महसूस किया कि उनका बायां हाथ सुन्न है और बोलने में परेशानी हो रही है। उन्होंने इसे गलत तरीके से सोने का असर मानकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन कुछ ही घंटों में उनकी हालत लगातार बिगड़ने लगी। जब वे अपनी 36 वर्षीय पार्टनर लौरा मिलफोर्ड से बात कर रहे थे, तो उनकी आवाज लड़खड़ाने लगी। शुरुआत में लौरा को लगा कि शायद एडम ने ज्यादा शराब पी ली है, लेकिन सच्चाई इससे कहीं अधिक गंभीर थी। कुछ देर बाद जब एडम बगीचे में बैठे, तो उनका बायां हाथ पूरी तरह से बेकार हो गया और उंगलियों से सिगरेट फिसलकर गिर गई। लौरा ने तभी गौर किया कि एडम के चेहरे का बायां हिस्सा भी नीचे की ओर लटकने लगा है। हालात की गंभीरता को समझते हुए लौरा उन्हें तुरंत अस्पताल ले गईं, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि एडम को ‘मिनी स्ट्रोक’ यानी ट्रांजिएंट इस्केमिक अटैक हुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक, इस स्ट्रोक की सबसे बड़ी वजह पिछले 25 वर्षों से चली आ रही उनकी धूम्रपान की आदत थी, जिस पर वे हर महीने करीब 20 हजार रुपये खर्च कर रहे थे। एडम की हालत इसलिए और भी नाजुक हो गई क्योंकि वे पहले से ही ‘पॉलीसिथेमिया’ नामक ब्लड डिसऑर्डर से पीड़ित थे, जिसमें शरीर जरूरत से ज्यादा लाल रक्त कोशिकाएं बनाने लगता है और खून गाढ़ा हो जाता है। एडम ने बताया कि उन्होंने महज 17 साल की उम्र में सिगरेट पीना शुरू किया था। शुरुआत एक लड़की को प्रभावित करने के लिए हुई, लेकिन धीरे-धीरे यह आदत लत में बदल गई और वे रोज करीब 30 सिगरेट पीने लगे। धूम्रपान शरीर में कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा बढ़ा देता है, जो पॉलीसिथेमिया के मरीजों के लिए बेहद खतरनाक है, क्योंकि इससे खून और गाढ़ा हो जाता है और शरीर तक ऑक्सीजन की आपूर्ति कम हो जाती है। इस भयावह अनुभव के बाद एडम और लौरा ने मिलकर धूम्रपान छोड़ने का फैसला किया और एनएचएस की ‘हेल्प मी क्विट’ सेवा की मदद ली। कुछ ही हफ्तों में एडम ने खुद में बड़ा सुधार महसूस किया। उनकी सूंघने और स्वाद लेने की क्षमता बेहतर हुई, पुरानी खांसी खत्म हो गई और आर्थिक रूप से भी उन्हें राहत मिली। अब वे हर महीने हजारों रुपये बचा पा रहे हैं। लौरा के अनुसार, अब वे दोनों साथ मिलकर लंबी सैर पर जा पाते हैं, जो पहले एडम की खराब सेहत के कारण संभव नहीं था। सुदामा/ईएमएस 11 जनवरी 2026