ज़रा हटके
11-Jan-2026
...


काठमांडू (ईएमएस)। क्या आप जानते हैं कि दुनिया में एक ऐसा शहद भी पाया जाता है जो हरे रंग का होता है और जिसकी कीमत सोने-चांदी से कम नहीं होती। हरा शहद वास्तव में प्रकृति का एक दुर्लभ और बेहद कीमती उपहार है। हरा शहद आम शहद की तरह आसानी से उपलब्ध नहीं होता। इसकी सबसे बड़ी वजह इसे बनाने वाली खास परिस्थितियां और मधुमक्खियों की सीमित संख्या है। दरअसल, हरा शहद तब बनता है जब मधुमक्खियां विशेष हरे रंग के फूलों या खास पौधों का नेक्टर इकट्ठा करती हैं। ऐसा बहुत कम इलाकों में और बहुत कम समय के लिए संभव होता है, इसलिए इसका उत्पादन बेहद सीमित रहता है। यही वजह है कि यह शहद दुनिया के सबसे दुर्लभ शहदों में गिना जाता है। नेपाल के हिमालयी क्षेत्रों में पाया जाने वाला ‘मद हनी’ हरे शहद का सबसे प्रसिद्ध उदाहरण है। यह शहद रोडोडेंड्रोन फूलों के नेक्टर से बनता है, जिसमें ग्रेयनोटॉक्सिन नामक तत्व पाया जाता है। यही तत्व इस शहद को हल्का नशीला प्रभाव देने वाला बनाता है। हिमालय की विशाल मधुमक्खियां, जिन्हें एपिस डोर्साटा लेबोरियोसा कहा जाता है, समुद्र तल से करीब 3500 मीटर की ऊंचाई पर खड़ी चट्टानों पर अपने छत्ते बनाती हैं। इन छत्तों से शहद निकालना बेहद खतरनाक काम होता है। नेपाल के गुरुंग समुदाय के शिकारी बांस की लंबी सीढ़ियों के सहारे जान जोखिम में डालकर साल में केवल दो बार यह शहद इकट्ठा करते हैं। कहा जाता है कि एक किलो हरा शहद तैयार करने में मधुमक्खियों की पूरी जिंदगी लग जाती है। इसकी कीमत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 100 ग्राम मद हनी की कीमत 200 डॉलर तक पहुंच जाती है। स्वाद के मामले में भी हरा शहद अलग पहचान रखता है। यह केवल मीठा ही नहीं होता, बल्कि इसका सेवन करने पर हल्का नशे जैसा एहसास भी हो सकता है। सीमित मात्रा में इसे इम्यूनिटी बढ़ाने, तनाव कम करने और शरीर को ऊर्जा देने वाला माना जाता है, लेकिन अधिक मात्रा में सेवन नुकसानदायक भी हो सकता है। दुनिया में तुर्की का एल्विश हनी और सेंटॉरी हनी भी बेहद महंगे शहदों में शामिल हैं, जिनकी कीमत 10,000 यूरो प्रति किलो तक बताई जाती है। भारत में भी हिमालयी जंगलों से जंगली शहद मिलता है, लेकिन असली हरा शहद यहां बेहद दुर्लभ है। बाजार में मिलने वाले कई हरे रंग के शहद वास्तव में कृत्रिम रंग मिलाकर तैयार किए जाते हैं और सस्ते दामों में बेचे जाते हैं। सुदामा/ईएमएस 11 जनवरी 2026