राष्ट्रीय
12-Jan-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव महत्वपूर्ण खनिजों पर चर्चा के लिए अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी पहुंचे। वे अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट द्वारा आयोजित जी-7 देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक में भाग लेने वाले है। जी-7 में कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका के साथ यूरोपीय संघ भी शामिल है। इसके अलावा, भारत और ऑस्ट्रेलिया जैसे अन्य देशों को भी आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा कि वे सोमवार को होने वाली महत्वपूर्ण खनिजों से संबंधित मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेने और विकसित भारत के लक्ष्य के लिए सुरक्षित खनिज आपूर्ति श्रृंखलाएं बेहद जरूरी हैं। अमेरिकी प्रशासन ने कहा है कि विदेशी शक्तियों पर खनिज उत्पादन की अत्यधिक निर्भरता अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा के लिए खतरा बन गई है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के अनुसार, चीन तांबा, लिथियम, निकल, कोबाल्ट, ग्रेफाइट और अन्य दुर्लभ खनिजों का अग्रणी रिफाइनर है और इसकी वैश्विक बाजार हिस्सेदारी लगभग 70 प्रतिशत है। वैष्णव की भागीदारी का उद्देश्य सुरक्षित और विश्वसनीय खनिज आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुनिश्चित करना है, जिससे भारत की तकनीकी और औद्योगिक प्रगति में मदद मिले। इस बैठक में वैश्विक खनिज सुरक्षा, आपूर्ति विविधीकरण और रणनीतिक साझेदारी पर भी चर्चा होने की संभावना है। आशीष दुबे / 12 जनवरी 2026