क्षेत्रीय
12-Jan-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय लामता की प्राचार्य सहायक प्राध्यापक हिंदी डॉ सुनीता वैद्य को हटा दिया गया है। क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग जबलपुर ने इसके आदेश जारी कर दिए है। अब लामता कॉलेज के प्राचार्य की जिम्मेदारी सहायक प्राध्यापक भूगोल सुंदरलाल बिसेन को दी गई है। जारी आदेश के अनुसार ऐसे महाविद्यालय जहां केवल नवनियुक्त सहायक प्राध्यापक ही कार्यरत है, उनकी वरियता सूची मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जारी चयन सूची में मेरिट अनुसार क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग को प्रभारी प्राचार्य के दायित्वों व कर्तव्यों के प्रभार सौंपने के लिए अधिकृत किया जाता है। इस आदेश के परिपालन में संबंधितों के आदेशों और मप्र लोकसेवा आयोग की चयन सूची का मेरिट क्रमांक का अवलोकन करने पर सुंदरलाल बिसेन सहायक प्राध्यापक भूगोल का मेरिट क्रमांक 45 है, जबकि सहायक प्राध्यापक हिंदी डॉ सुनीता वैद्य का मेरिट क्रमांक 174 है। जिसके चलते मेरिट सूची के अनुसार डॉ सुनीता वैद्य के स्थान पर सुंदरलाल बिसेन को शासकीय महाविद्यालय लामता के प्राचार्य प्रभार शैक्षणिक दायित्वों के साथ प्रदान किया जाता है। उल्लेखनीय है कि कॉलेज की समस्याओं को लेकर एक वर्ष से विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा महाविद्यालय प्रबंधन की शिकायत की जा रही थी। इसी शिकायत पर अतिरिक्त संचालक जबलपुर के निर्देशन में एक जांच टीम का गठन किया गया। टीम कॉलेज पहुंचकर जांच की थी। कॉलेज प्रबंधन से शिकायत के संबंध में चर्चा की। वहीं विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान विद्यार्थियों ने न केवल अपनी समस्याएं बताई। बल्कि कॉलेज की प्राचार्य डॉ सुनीता वैद्य को हटाने की मांग की। इतना ही नहीं विद्यार्थियों ने जांच टीम के सामने ही विरोध प्रदर्शन भी किया था। छात्र नेता और जनपद पंचायत बालाघाट सभापति भुवनेश्वर रजक के अनुसार एक वर्ष पूर्व की गई शिकायत के बाद अब कॉलेज की प्राचार्य डॉ सुनीता वैद्य को हटाया गया है। अब कॉलेज में विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा। भानेश साकुरे / 12 जनवरी 2026