ग्वालियर ( ईएमएस ) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा कांग्रेस पार्टी पर लगाए गए राम विरोधी होने के निराधार आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महात्मा गांधी जी के सिद्धांतों पर चलती आई है, जिन्होंने खुद राम भजन को अपनी आखिरी सांस तक गाया था। गांधी जी का जीवन राम के आदर्शों से प्रेरित था, और कांग्रेस उसी विरासत को आगे बढ़ा रही है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, भाजपा के नेता राम के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस ने हमेशा राम के मूल्यों - सत्य, अहिंसा और समानता - को अपने कार्यों में अपनाया है। मोहन यादव जी का यह बयान सिर्फ चुनावी लाभ के लिए है, जो गांधी जी और कांग्रेस की छवि को धूमिल करने की कोशिश है। भाजपा भगवान श्री राम के नाम को राजनीतिक हथियार बना रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता राम के सच्चे भक्त हैं और जनता की सेवा में लगे हैं। इसके अलावा, मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) जैसी योजना कांग्रेस की देन है, जो ग्रामीण भारत को 100 दिनों का रोजगार देकर लाखों परिवारों को सशक्त बनाती है और गांधी जी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करती है। अब भाजपा की वीबी जी-रामजी योजना, जो मनरेगा की नकल मात्र है लेकिन 125 दिनों का वादा कर राम जी का नाम जोड़कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है, इसका हम विरोध करते हैं क्योंकि यह असल विकास नहीं, बल्कि नाम बदलकर जनता को गुमराह करने का प्रयास है। कांग्रेस सच्चे रोजगार और विकास के लिए प्रतिबद्ध है, न कि नामों की राजनीति के लिए। कांग्रेस पार्टी हमेशा से देश के विकास, किसान कल्याण, मनरेगा जैसे कार्यक्रमों के विस्तार और महिलाओं के सशक्तिकरण पर फोकस करती रही है न कि विभाजनकारी राजनीति पर।