एक-दो दिन में एनओसी, जल्द शुरू होगा बंदर पकड़ने का कार्य : चेयरमैन हाथरस (ईएमएस) । नगर क्षेत्र सिकंदराराऊ में बंदरों का आतंक लगातार गंभीर समस्या बनता जा रहा है। कृष्ण बिहार कॉलोनी में बंदरों के अचानक डराने से 11 वर्षीय तानिया छत से नीचे गिरकर घायल हो गई। घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। शिशुपाल सिंह की पुत्री तानिया को परिजन तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी। गनीमत रही कि बच्ची को गंभीर चोटें नहीं आईं, लेकिन घटना ने नगर में बंदरों से बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के बावजूद नगर पालिका अब तक बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू नहीं करा सकी है। कुछ दिन पूर्व उप जिलाधिकारी द्वारा नगर पालिका सभागार में वार्ड सदस्यों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक आवश्यक एनओसी जारी नहीं हो सकी है। वर्षों से यह समस्या जस की तस बनी हुई है। नगर में बंदरों के कारण आए दिन घटनाएं हो रही हैं। छतों पर खेलने वाले बच्चे, सुबह-शाम घर से निकलने वाली महिलाएं और बुजुर्ग भय के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। कई लोग बंदरों के हमलों में घायल भी हो चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्रवाई का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। घटना को लेकर सभासद अकबर नवाब, छोटे कुरैशी, फहीम अंसारी, रवि कुमार, ललित कुमार, दिलशाद अंसारी, समाजसेवी विपिन वाष्र्णेय, नीरज वैश्य, गिरीश मोहन गुप्ता, बाबर सिद्दीकी सहित अन्य नगरवासियों ने रोष व्यक्त करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। सपा नेता एवं पूर्व एमएलसी राकेश सिंह राना ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बंदरों को पकड़ने की ठोस व्यवस्था नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष मुशीर कुरैशी ने कहा कि बंदरों के आतंक को देखते हुए एक-दो दिन में एनओसी जारी कर दी जाएगी और जल्द ही बंदर पकड़ने का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे नगरवासियों को राहत मिलेगी। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 13 जनवरी 2026