अलीगढ़,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के दर्जा प्राप्त मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने फिल्म अभिनेता सलमान खान को लेकर विवादित बयान दिया है। अलीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने सलमान खान को देशद्रोही बताते हुए कहा कि अभिनेता को पाकिस्तान से अधिक प्रेम है और यदि ऐसा है तो उन्हें पाकिस्तान चला जाना चाहिए। इसके साथ ही मंत्री ने सलमान खान को फांसी की सजा देने तक की मांग कर दी और लोगों से अपील की कि वे उनकी फिल्में न देखें। मंत्री रघुराज सिंह ने आरोप लगाया कि सलमान खान हिंदुस्तान के हिंदुओं को आकर्षित कर यहां से पैसा कमाते हैं और पाकिस्तान व बांग्लादेश के साथ-साथ मुसलमानों को समर्थन देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अभिनेता देश का पैसा चुराकर पाकिस्तान भेजते हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस तेज हो गई है। ठाकुर रघुराज सिंह पहले भी विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। इससे पहले उन्होंने कहा था कि जितना पढ़ा लिखा मुसलमान, उतना बड़ा आतंकी, जिस पर भी भारी विवाद हुआ था। पहले शाहरुख को बताया था गद्दार बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब बॉलीवुड स्टार्स राजनीतिक विवादों में फंस रहे हैं। इससे पहले बीजेपी नेता संगीत सोम ने शाहरुख खान को गद्दार बताया था। उन्होंने शाहरुख खान की आईपीएल फ्रैंचाइज़ी कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को खरीदने पर विरोध जताया था। इस विवाद के बाद कई धर्मगुरुओं ने भी शाहरुख खान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। बाद में बीसीसीआई के आदेश पर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से हटा दिया गया। वीरेंद्र/ईएमएस/15जनवरी2026