:: राष्ट्रीय रजत पदक विजेता राग्यश्री और दुर्गेश्वरी को मिलीं प्रोफेशनल हॉकी स्टिक और नकद पुरस्कार :: धार/इंदौर (ईएमएस)। पुलिस लाइन धार में संचालित हॉकी फीडर सेंटर की प्रतिभावान खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतर-विश्वविद्यालयीन स्तर पर धार का नाम रोशन किया है। शालेय राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए कु. राग्यश्री बामनिया ने रजत पदक हासिल किया, वहीं कु. दुर्गेश्वरी राठौर ने पुणे में आयोजित अंतर-महाविद्यालयीन प्रतियोगिता में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। शुक्रवार को डीआईजी/पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने दोनों बेटियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। एसपी ने खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अल्फा ए-एक्स 5 हॉकी स्टिक, स्पोर्ट्स शूज, प्रमाण पत्र, मेडल और नकद पुरस्कार प्रदान कर उनकी हौसलाअफजाई की। सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अवस्थी ने कहा कि खिलाड़ियों को उच्च स्तर की खेल सामग्री और आर्थिक सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे संसाधनों के अभाव के बिना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने प्रशिक्षकों को भी खिलाड़ियों की तकनीक पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आनंद तिवारी (डीएसपी, एजेके), पुरुषोत्तम बिश्नोई (रक्षित निरीक्षक), राजेश शाक्य (जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी) एवं हॉकी प्रशिक्षक मनीष सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रकाश/16 जनवरी 2026