कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत पाली-चैतमा क्षेत्र के पुटा में एक पेट्रोल पंप में हथियार की नोक पर लूटपाट करने के दो मामलों में पाली-चैतमा पुलिस कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कथित एक आरोपी की गिरफ्तारी एक टीम ने की है। साथ ही तीन और कथित आरोपी को पड़ोसी जिले के ग्राम जाली में पेट्रोल पंप लूटपाट के भी आरोप में गिरफ्तार किया गया हैं। उन्हें भी जल्द ही रिमांड पर लिया जाएगा। जानकारी के अनुसार जनवरी महीने में साई फ्यूल प्वाइंट में रात्रि लगभग 1:30 बजे लूटपाट की घटना घटित हुई थी। बताया जा रहा हैं की उस वक़्त मौके पर दो कर्मचारी सोए हुए थे। बाइक पर आए चार व्यक्तियों ने उनसे मारपीट करते हुए चाकू दिखाकर 8000 रुपए की लूटपाट करने के साथ भाग गए। पीडि़त कर्मचारियों ने अपने मैनेजर को इस बारे में जानकारी दी जिसने पुलिस और मालिक को अवगत कराया। पुलिस ने लूटपाट का प्रकरण दर्ज करने के साथ सीसीटीवी के आधार पर मामले की छानबीन शुरू की। इस आधार पर जो इनपुट प्राप्त हुआ उसके जरिए उनकी खोज की गई। बताया गया कि इस प्रकरण में ग्राम केराझरिया निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ ही घटना को अंजाम देने वाले कथित तीन साथी फरार हो गए जो बिलासपुर जिले की पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने बताया कि 9 जनवरी को चैतमा क्षेत्र के पुटा में राहगीर से लूटपाट की घटना में भी इन्हीं आरोपियों की भूमिका शामिल थी। उन्होंने इसे स्वीकार किया है। पुलिस ने कहा कि घटना में पकड़े गए तीन कथित आरोपियों को जल्द रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। ऐसा लगता है कि कोरबा सहित आसपास के कई इलाकों में वेश और पैटर्न बदलकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने के मामले में इनकी भूमिका हो सकती है। यह भी हो सकता है कि किसी बड़े गिरोह के साथ इनका कनेक्शन हो। पुलिस ऐसी कई संभावनाओं पर अपना काम कर रही है। उसने कहा कि क्रिमिनोलॉजी के सिद्धांत के आधार पर टैक्निक को एडवांस करने के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर काम भी होगा और नतीजे भी आएंगे। 19 जनवरी / मित्तल