- राष्ट्र और राष्ट्रसंत की का नाट्य मंचन किया जाएगा। सागर (ईएमएस)। आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के द्वितीय समाधि दिवस पर 27 जनवरी को सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा एक दिन गुरुवर के नाम - कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मुनिश्री निष्कंप सागर और मुनिश्री निष्काम सागर महाराज के सानिध्य में होने वाले इस आयोजन में शाम 7:30 बजे कीर्ति स्तंभ पर गाथा - राष्ट्र और राष्ट्रसंत की का नाट्य मंचन किया जाएगा। मुनि सेवा समिति के सदस्य मुकेश जैन ढाना ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान जैन समाज के सभी प्रतिष्ठान 27 जनवरी को बंद रहेंगे। सुबह शहर के सभी महिला मंडलों और नगर वासियों की उपस्थिति में आचार्यश्री के चरणों का पाद प्रच्छालन, आचार्य भगवान का महापूजन भक्ति भाव और हर्ष से होगा। आहारचर्या के लिए पड़गाहन कटरा जैन मंदिर से होगा। दोपहर 1 बजे से कीर्ति स्तंभ पर आचार्यश्री के दूसरे समाधि दिवस पर विनयांजलि कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में जैन समाज और अन्य सभी समाजों के कई प्रमुख विद्वानों और संतों द्वारा गुरुदेव से संबंधित संस्मरण और विचारों को मंच से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। मुनि संघ के मंगल प्रवचन भी होंगे। रात 7:30 बजे से कीर्ति स्तंभ पर गाथा राष्ट्र और राष्ट्रसंत की का मंचन मुंबई, इंदौर सहित कई स्थानों के कलाकार करेंगे। शहर के इतिहास में यह कार्यक्रम अब तक का सबसे भव्य कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रामपुरा जैन धर्मशाला में सकल जैन समाज की बैठक हुई, जिसमें सभी को जवाबदारियां दी गई हैं। निखिल सोधिया/ईएमएस/20/01/2026