- नुक्कड़ नाटकों से महिलाओं को मिला अधिकारों का संदेश बिलासपुर (ईएमएस)। महिलाओं के अधिकारों और कार्यस्थल पर उनकी सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यौन उत्पीडऩ अधिनियम 2013 को लेकर जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शासकीय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी जा रही है। शासकीय परिसरों में हुआ नुक्कड़ नाटक का मंचन जागरूकता कार्यक्रम के तहत कलेक्टर कार्यालय परिसर, जिला पंचायत स्थित न्यू एवं पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। गुरुघासीदास विश्वविद्यालय के आर्चिस ग्रुप द्वारा प्रस्तुत नाटकों में कार्यस्थल पर महिलाओं को होने वाले लैंगिक उत्पीडऩ, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, आंतरिक एवं स्थानीय समिति के गठन और संबंधित पोर्टल की जानकारी दी गई। कल्याणकारी योजनाओं और हेल्पलाइन की दी गई जानकारी कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान, सखी वन स्टॉप सेंटर, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान, राष्ट्रीय बालिका दिवस सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही 112 पुलिस हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन एवं 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। जागरूकता से ही मिलेगा महिलाओं को सुरक्षित कार्यस्थल विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त कार्यस्थल सुनिश्चित करना है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 23 जनवरी 2026