क्षेत्रीय
23-Jan-2026
...


- वार्ड 46 के अंधे मोड़ पर रिफ्लेक्ट मिरर का अनावरण बिलासपुर (ईएमएस)। सडक़ दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अन्नपूर्णा कॉलोनी, वार्ड नंबर 46 में एक अहम कदम उठाया गया। वार्ड पार्षद इब्राहिम खान द्वारा अनवर बक्शी मार्ग स्थित दुर्घटना संभावित अंधे मोड़ पर रिफ्लेक्ट मिरर का अनावरण किया गया। यह पहल सडक़ सुरक्षा सप्ताह को ध्यान में रखते हुए की गई। पार्षद इब्राहिम खान ने बताया कि अन्नपूर्णा कॉलोनी सहित शांति बिहार, शिव बिहार, दया बिहार, जीनत बिहार फेस-1, 2, 3 तथा अन्नपूर्णा कॉलोनी सेक्टर-1 से 5 तक के रहवासियों के लिए यही मार्ग मुख्य आवागमन का रास्ता है। कॉलोनी में नए मकानों के निर्माण से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। अंधे मोड़ के कारण यहां हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी, खासकर सुबह के समय जब छोटे बच्चे स्कूल बस पकडऩे, लोग कार्यालय और बाजार जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। लगभग चार से साढ़े चार हजार की आबादी का रोजमर्रा का आवागमन इसी रास्ते से होता है।रिफ्लेक्ट मिरर लगने से अब सामने से आने वाले वाहनों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी। इस अवसर पर उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों और वार्डवासियों ने पार्षद द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। पार्षद ने अपने जन्मदिन पर यह उपयोगी सौगात देकर नागरिकों का विश्वास और भी मजबूत किया। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 23 जनवरी 2026