एक सप्ताह में निवेशकों के 24 हजार करोड़ डूबे मुंबई(ईएमएस)। शेयर मार्केट में शुक्रवार को गिरावट रही। सेंसेक्स 770 अंक की गिरावट के साथ 81,538 पर बंद हुआ है। वहीं निफ्टी में भी करीब 241 अंक की गिरावट रही, ये 25,048 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में गिरावट और 6 में तेजी रही। निफ्टी के बैंकिंग, ऑटो मीडिया और मेटल शेयर्स में सबसे ज्यादा बिकवाली रही। सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 1 फीसदी तक की गिरावट आई। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसमें 1.5 फीसदी से ज्यादा की कमी आई। शेयर बाजार में इस भारी गिरावट के कारण निवेशकों के 6 लाख करोड़ रुपये डूब गए। वहीं इस सप्ताह में बाजार में गिरावट के कारण निवेशकों के 24 हजार करोड़ रूपए डूबे गए। विदेशी निवेशक लगातार शेयर बाजार से पैसे निकाल रहे हैं। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने पिछले सत्र में 2,144.06 करोड़ रुपये के शेयर शुद्ध आधार पर बेचे। इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,877.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर कुछ हद तक बाजार को समर्थन दिया। वेल्थमिल्स सिक्योरिटीज की इक्विटी रणनीति निदेशक क्रांति बाथिनी ने कह कि कुल मिलाकर, बाजार में गिरावट का रुख है। लेकिन निफ्टी 25,000 के स्तर पर मजबूती से टिका हुआ है। भू-राजनीतिक तनाव मध्यम से अल्पावधि में बाजार में दबाव बना रहे हैं। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों द्वारा लगातार बिकवाली हालिया गिरावट का मुख्य कारण है और अभी तक कंपनियों के नतीजे निवेशकों को आकर्षित नहीं कर रहे हैं। शुक्रवार को बैंक निफ्टी में 700 अंकों की गिरावट देखने को मिली। स्मॉलकैप 1000 से ज्यादा और मिडकैप 700 अंक तक टूट गया। बीएसई 30 के 6 शेयरों को छोडक़र बाकी सभी 24 शेयर बड़ी गिरावट पर रहे। सबसे ज्यादा गिरावट अडानी पोर्ट, जोमैटो, इंडिगो, बजाज फाइनेंस जैसे शेयरों में आई। अडानी के शेयरों में भारी गिरावट कारोबार के दौरान अडानी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट देखी जा रही है। सबसे ज्यादा अडानी ग्रीन एनर्जी 13 फीसदी गिरा। अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड, अडानी पावर लिमिटेड, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड, अडानी टोटल गैस और अडानी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में 13 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। अडानी के शेयरों में यह गिरावट इसलिए आई है, क्योंकि अमेरिकी आयोग ने अमेरिकी बाजार नियामक से कथित धोखाधड़ी और 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत योजना के मामले में संस्थापक गौतम अडानी और समूह के कार्यकारी सागर अडानी को व्यक्तिगत रूप से ईमेल के माध्यम से समन भेजने की अनुमति मांगी है। इसके बाद इन शेयरों में गिरावट आई है। 328 शेयरों ने 52 वीक के लोअर पर आज 328 शेयरों ने अपने 52 सप्ताह के न्यूनतम स्तर को छुआ। अडानी एंटरटेनमेंट, अफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, अकजो नोबेल इंडिया लिमिटेड, अडानी टोटल, बाटा इंडिया लिमिटेड और ब्लू जेट हेल्थकेयर लिमिटेड जैसे शेयरों ने अपने-अपने एक साल के न्यूनतम स्तर को छुआ। वहीं, 69 शेयरों ने अपने एक साल के उच्चतम स्तर को छुआ। बजट तक जारी रह सकता है उतार-चढ़ाव बाजार एक्सपट्र्स का मानना है कि आने वाले दिनों में भी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट से पहले बाजार किसी बड़े ट्रेंड को पकडऩे की कोशिश कर रहा है। तकनीकी जानकारों के मुताबिक, निफ्टी के लिए 25,000 का स्तर एक मजबूत सपोर्ट है। अगर बाजार इसके नीचे जाता है, तो गिरावट और बढ़ सकती है। निवेशकों को फिलहाल संभलकर रहने और चुनिंदा लार्ज-कैप शेयरों में ही निवेश की सलाह दी जा रही है। विनोद उपाध्याय / 23 जनवरी, 2026