- रिबन काटते ही दौड़े बच्चे, जान्हवी केंवट रही प्रथम बिलासपुर (ईएमएस)। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय पंधी के शाला परिसर में वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ प्रारंभ हुआ। प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विद्यालय परिसर बच्चों की तालियों, उत्साह और उमंग से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संजय शर्मा द्वारा रिबन काटकर 100 मीटर दौड़ से किया गया। रिबन कटते ही बच्चे दौड़ पड़े और मैदान में रोमांचक माहौल बन गया। प्राथमिक शाला छात्रा वर्ग में जान्हवी केंवट ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में विद्यार्थियों ने अपनी गति, आत्मविश्वास और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। खेलकूद से टीम भावना का होता है विकास प्राचार्य संजय शर्मा ने कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे आत्मबल, अनुशासन, सहयोग और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और विद्यालय में उत्सव जैसा वातावरण बना दिया। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 24 जनवरी 2026