बीजिंग,(ईएमएस)। ताइवान और चीन के बीच तनाव फिर चरम पर पहुंच गया है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि सुबह 6 बजे तक चीन के 26 सैन्य विमानों और 6 पीपुल्स लिबरेशन आर्मी नेवी (विमान) के जहाजों की गतिविधि ताइवान के आसपास दर्ज की गई। ताइवान रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इन 26 विमानों में से 18 ने ताइवान स्ट्रेट की मीडियन लाइन पार की और ताइवान के उत्तरी, मध्य और दक्षिण-पश्चिमी एयर डिफेंस आइडेंटिफिकेशन जोन में प्रवेश किया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चीनी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई और ताइवान की सशस्त्र सेनाओं ने स्थिति के अनुरूप जवाब दिया। इसके एक दिन पहले शुक्रवार को भी चीन की ओर से इसी तरह की सैन्य गतिविधि देखी गई थी। उस दिन कुल 23 चीनी लड़ाकू विमानों को ताइवान के आसपास उड़ान भरते हुए पकड़ा गया था, जिनमें से 17 विमानों ने मीडियन लाइन पार कर घुसपैठ की थी। इन विमानों में जे-10 फाइटर जेट, एच-6के बॉम्बर और केजे-500 जैसे एडवांस एयरक्राफ्ट शामिल थे। यह गतिविधि चीनी नेवी जहाजों के साथ संयुक्त एयर-सी ट्रेनिंग के तहत की गई थी। इसी दिन तड़के एक और घटना सामने आई, जब 11 चीनी विमान और 5 नेवी शिप ताइवान के आसपास सक्रिय पाए गए। इनमें से 9 विमानों ने उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी एडीआईजेड में प्रवेश किया, जिसके बाद ताइवान की सेना को अलर्ट पर रखा गया। इसके अलावा, ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की कि एक चीनी सर्विलांस ड्रोन दक्षिण-पश्चिमी में घुसते हुए प्राटास द्वीप समूह (डोंगशा) की ओर बढ़ा। ड्रोन कुछ समय के लिए ताइवान के क्षेत्रीय हवाई क्षेत्र में भी दाखिल हुआ, जिसके बाद द्वीप पर तैनात सैनिकों को हाई अलर्ट पर रखा गया। आशीष दुबे / 24 जनवरी 2026