शिमला,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश में आज प्रदेश का स्थापना दिवस हर्षोल्लास और गर्व के साथ मनाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष सहित कई दिग्गज नेताओं ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए राज्य की समृद्धि और सुनहरे भविष्य की मंगलकामना की है। समूचे प्रदेश में उत्सव का माहौल है और लोग अपनी सांस्कृतिक विरासत व विकास की यात्रा को याद कर रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस पर निवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह धरती अपनी आध्यात्मिक परंपराओं के कारण देवभूमि और शौर्य की गौरवशाली गाथाओं के कारण वीरभूमि के रूप में जानी जाती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पर प्रकृति का असीम वरदान है, जो इसे दुनिया भर के लिए आकर्षण का केंद्र बनाता है। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि राज्य के कर्मठ निवासी राष्ट्र निर्माण और देश की सुरक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निरंतर निभाते रहेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अवसर पर हिमाचल वासियों को अपना परिवार बताते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि प्रकृति और संस्कृति की संगमस्थली हिमाचल प्रदेश के लोग अपनी अद्भुत प्रतिभा और पराक्रम से सदैव मां भारती की सेवा करते आए हैं। प्रधानमंत्री ने देवभूमि की निरंतर समृद्धि और यहां के लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और अतिथि सत्कार की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में बसा यह प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली धार्मिक परंपराओं के लिए विश्वविख्यात है। उन्होंने कामना की कि हिमाचल निरंतर प्रगति और संतुलित विकास के मार्ग पर अग्रसर रहे तथा प्रदेशवासी सुख-स्वास्थ्य के साथ राज्य की पहचान को और सुदृढ़ करें।विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी इस मौके पर हिमाचल की अतुल्य विरासत को नमन किया। नेताओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह राज्य उन्नति की नई ऊंचाइयों को छुए। हिमाचल प्रदेश का स्थापना दिवस केवल एक प्रशासनिक वर्षगांठ नहीं, बल्कि यहां की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच लोगों के संघर्ष, परिश्रम और उनकी अदम्य इच्छाशक्ति का प्रतीक है। आज के दिन प्रदेश भर में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें हिमाचल की लोक कला और परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/25जनवरी2026