ग्रामोदय से अभ्युदय, संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत ग्राम स्तरीय चौपालों का आयोजन। दमोह पथरिया (ईएमएस)। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड दमोह के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था नेहरू युवा नव जागृति नव युवक मंडल समिति बांसा कलां पथरिया द्वारा मध्यप्रदेश शासन के ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान, संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत किशुनगंज सेक्टर के ग्राम सागौनी कलां, ग्राम हिनौत घाट, ग्राम बकेनी, ग्राम जोरतला आदि सभी ग्रामों में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की उपस्थिति में जन चौपाल का आयोजन किया गया। सेक्टर प्रभारी संस्था अध्यक्ष घनश्याम पटेल ने ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान एवं संकल्प से समाधान अभियान, और परिषद की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। और कहा कि गांव की समृद्धि के बिना विकसित भारत की कल्पना करना संभव है यदि हमें अपने भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो उसके लिए सबसे पहले गांव को समृद्ध बनाना होगा, कुटीर एवं लघु उद्योगों को बढ़ावा देना होगा जिससे कि लोगों को रोजगार उपलब्ध हो। गांव के समृद्ध होने से ही विकसित भारत का संकल्प पूर्ण होगा। विकासखंड समन्वयक उमाशंकर उपाध्याय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने भारतीय समाज को ही नहीं बल्कि विश्व को नई दिशा दी है इसी कारण वह संपूर्ण भारत वर्ष के युवाओं के प्रेरणा स्रोत कहे जाते हैं। समितियों द्वारा ग्राम स्तर पर किए गए कार्य की सराहना करते हुए सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने में आने वाली परेशानियां के विषय में चर्चा कि समाज में परिवर्तन लाने एवं नया प्रयास करने वालों कि पहले उपेक्षा होती है तत्पश्चात समाज और परिवर्तन या प्रयास को स्वीकार करता है। उन्होंने संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से ग्रामीणों को जानकारी दी और आवेदन प्रक्रिया के बारे में समझाया। इस दौरान ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों से शालकराम पटेल, मनोज पटेल, हरिशंकर शुक्ला, संजय शुक्ला, मुकेश पांडे, रम्मू रैकवार, यशवंत सिंह, राजा छोटे आदिवासी, अभिषेक रैकवार, लक्ष्मण बंसल, पप्पू उपाध्याय सहित समिति सदस्यों और ग्रामीणों की उपस्थिति रही। ईएमएस/मोहने/ 25 जनवरी 2026