28-Jan-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने भारत की अपनी ऐतिहासिक तीन दिवसीय राजकीय यात्रा का सफलतापूर्वक समापन कर स्वदेश रवाना हो गए हैं। इस उच्चस्तरीय यात्रा ने भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा बुधवार को भारत से रवाना हुए, जबकि यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन एक दिन पहले शाम को अपने देश के लिए प्रस्थान कर गईं। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए इस यात्रा को अत्यंत सफल बताया और कहा कि इस दौरान भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को मजबूत करने की दिशा में 13 महत्वपूर्ण समझौतों और निष्कर्षों पर सहमति बनी है। मंत्रालय ने पोस्ट में लिखा, एक ऐतिहासिक यात्रा संपन्न हुई। इस यात्रा के परिणामस्वरूप ऐसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष सामने आए हैं, जो भारत-यूरोपीय संघ की रणनीतिक साझेदारी की गहराई और व्यापकता को बढ़ाएंगे। इस यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर सहमति माना जा रहा है। दोनों पक्षों ने लंबे समय से चली आ रही बातचीत को पूरा करते हुए इस ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसे “सभी समझौतों की जननी” कहा जा रहा है। यह एफटीए भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापारिक संबंधों को एक नई दिशा देगा और भारतीय वस्तुओं एवं सेवाओं के लिए यूरोपीय बाज़ार तक पहुंच को व्यापक बनाएगा। मंत्रालय के अनुसार, इससे न केवल व्यापार बढ़ेगा, बल्कि रोज़गार के नए अवसर भी सृजित होंगे और आम लोगों की प्रगति में सहयोग मिलेगा। विशेषज्ञों के अनुसार, ये समझौते न केवल भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को नई मजबूती देंगे, बल्कि वैश्विक मंच पर दोनों पक्षों की साझेदारी को भी और प्रभावशाली बनाएंगे। हिदायत/ईएमएस 28जनवरी26