अलीगढ़ (ईएमएस)। बीते दिनों नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने अलीगढ़ में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने, आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में अलीगढ़ की बेहतर रैंक लेन, नगर क्षेत्र के विस्तार जनसंख्या वृद्धि और बढ़ते ठोस अपशिष्ट की मात्रा के सापेक्ष नगर निगम में विभिन्न सफ़ाई उपकरणों/मशीनों की कमीं व नगर क्षेत्र में 26 लोकेशन पर ट्रांसफर स्टेशन संचालन हेतु आवश्यक वाहनों की उपलब्धता के संबंध में प्रमुख सचिव नगर विकास मंत्रालय, उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता वाली समिति के समक्ष मज़बूती से नगर निगम की समस्याओं व सफ़ाई व्यवस्था को प्रभावी बनने के लिए सुधार व आधुनिक सफ़ाई उपकरण/मशीनों को क्रय करने के संबंध में विस्तार से प्रेजेंटेशन दिया था। नगर निगम द्वारा 26 लोकेशन पर ट्रांसफर स्टेशन संचालन हेतु आवश्यक वाहनों जिनमे 30 नग पोर्टेबल कम्पैक्टर, विभिन्न क्षमता के 11 नग रिफ्यूज कम्पैक्टर तथा 10 हुक लोडर आदि की खरीद के लिए अनुमानित लागत 1290.00 लाख का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया था। नगर निगम द्वारा यह प्रस्ताव कूड़ा-संग्रहण व्यवस्था को वैज्ञानिक, सुरक्षित और शीघ्रतापूर्वक निपादन योग्य बनाने के लिए आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन प्रणाली और संबंधित उपकरणों की उपलब्धता को देखते हुए प्रेषित किया गया था। शासन के समक्ष नगर आयुक्त के मजबूर प्रस्तुतिकरण के आधार पर प्रस्ताव 1 के अंतर्गत 02 नग रोड स्वीपिंग मशीन हेतु कुल धनराशि 110.00 लाख रूपये को स्वीकृति प्रदान की गयी तथा भारत सरकार द्वारा निर्धारित केन्द्रांश राज्यांश का 41 प्रतिशत धनराशि 45.10 लाख रूपये आवंटित किये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। शेष 59 प्रतिशत धनराशि निकाय द्वारा स्वयं के स्रोतों से वहन किया जायेगा। प्रस्ताव-2 के अंतर्गत समिति द्वारा नगर निगम अलीगढ़ के उपरोक्त प्रस्ताव को परीक्षणोंपरान्त कुल 142 टी०पी०डी० ट्रांसफर स्टेशन निर्माण हेतु कुल धनराशि रू 639.00 लाख को स्वीकृति प्रदान की गयी तथा भारत सरकार द्वारा निर्धारित केन्द्रांश$ राज्यांश का 41 प्रतिशत धनराशि रू0 261.99 लाख आवंटित किये जाने के निर्देश प्रदान किये गये। शेष 59 प्रतिशत धनराशि निकाय द्वारा स्वयं के स्रोतों से वहन किया जायेगा। महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा स्वच्छ अलीगढ़, स्वस्थ अलीगढ़ हमारा संकल्प है। शासन से मिली स्वीकृति से नगर निगम को वह संसाधन प्राप्त होंगे, जिनके सहारे हम शहर को स्वच्छता की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ा पाएंगे। ईएमएस/ धर्मेन्द्र राघव/ 28 जनवरी 2026