हाजीपुर (ईएमएस)। बिहार के हाजीपुर के औद्योगिक क्षेत्र में बिस्कुट फैक्ट्री में काम के दौरान 35 वर्षीय मजदूर चंदन पाठक की मौत हुई। वह दरार गांव के निवासी थे और पिछले नौ वर्षों से फैक्ट्री में काम कर रहे थे। मजदूरों के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे चंदन की अचानक तबीयत खराब हुई। कई बार उल्टी हुई और हालत बिगड़ती गई। दवा लेने बाहर जाने की अनुमति न मिलने के कारण वापस काम पर लौट गए। बाद में साथी मजदूरों ने दबाव डालकर उन्हें सदर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। मजदूरों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि फैक्ट्री में प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था नहीं है और मजदूरों को आठ घंटे की बजाय 12 से 24 घंटे तक काम कराया जाता है। घटना के बाद आक्रोशित मजदूरों ने फैक्ट्री बंद कर हंगामा शुरू किया और तोड़फोड़ व आगजनी की। मृतक के परिजनों को मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। मृतक का ठेकेदार बेगूसराय जिले का रहने वाला है और घटना के बाद कंपनी के अधिकारी, गार्ड और ठेकेदार फरार हैं। घटना की जानकारी मिलने पर औद्योगिक थाना अध्यक्ष अरविंद पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मजदूरों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति गंभीर होने पर सदर एसडीओ राम बाबू और एसडीपीओ सुबोध कुमार भी घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस और प्रशासन आक्रोशित मजदूरों को शांत कराने में जुटे हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आशीष दुबे / 29 जनवरी 2029