क्षेत्रीय
29-Jan-2026
...


भिंड ( ईएमएस ) | भिंड जिले के ग्राम अकोड़ा निवासी, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त योग गुरु स्वामी जीतानंद जी ने 68 वर्ष की आयु में योग के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए लंदन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 5 विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर जिले, प्रदेश एवं देश का नाम गौरवान्वित किया है। यह भव्य कार्यक्रम संसद मार्ग, नई दिल्ली स्थित संविधान क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित किया गया, जहाँ स्वामी जीतानंद ने अपने अनुसंधान पर आधारित योग के अद्भुत एवं दुर्लभ आसनों का प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभर से आए योग प्रेमियों, साधकों एवं गणमान्य अतिथियों ने उनके योग कौशल की मुक्त कंठ से सराहना की। अपने धन्यवाद संबोधन में स्वामी जीतानंद ने कहा आने वाले समय में 20 नए विश्व कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प व्यक्त किया तथा कुछ विशेष योगासनों का प्रदर्शन भी किया। आयोजकों द्वारा उनके आगामी कीर्तिमानों के लिए और भी भव्य आयोजन किए जाने की घोषणा की गई। जिला युवा अधिकारी, माय भारत केंद्र, भिंड युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की ओर से स्वामी जीतानंद जी को इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी जाती है। उनकी यह सफलता न केवल युवाओं को योग, स्वास्थ्य एवं अनुशासन के प्रति प्रेरित करेगी बल्कि फिट इंडिया और योग भारत की पहचान जैसे राष्ट्रीय अभियानों को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगी। माय भारत केंद्र भिंड को गर्व है कि जिले की इस महान विभूति ने योग के माध्यम से वैश्विक मंच पर भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया है।