कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की 30 जनवरी अंतिम तारीख है। गुरुवार को समितियों की लिमिट बढ़ाई गई, लेकिन इसके पहले टोकन कटना ही बंद हो गया था। करीब 10 हजार किसान धान की बिक्री नहीं कर पाएंगे। किसानों को टोकन ही नहीं मिल पाया है। जिले में 65 केंद्रों के माध्यम से धान की खरीदी हो रही है। धान बेचने 52,556 किसानों ने पंजीयन कराया है। अब तक करीब 27 लाख क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है, है, लेकिन लगभग 10 हजार किसानों ने टोकन ही नहीं लिया है। बुधवार तक 41,521 किसानों ने धान बेचा था। गुरुवार को करीब 1 हजार किसानों ने धान की बिक्री की है। किसानों की संख्या के हिसाब से 35 केंद्रों की लिमिट बढ़ाई गई। खरीदी की लिमिट बढ़ाने के बाद समितियों को रात 9 बजे तक टोकन जारी करने का समय दिया था, लेकिन इसकी जानकारी किसानों को नहीं हुई। धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी है, लेकिन शनिवार होने से छुट्टी रहेगी। इस वजह से ही 30 जनवरी तक के लिए ही टोकन जारी किया है। अब तक धान खरीदी की तिथि बढ़ाने के संबंध में कोई आदेश नहीं आया है। इस वजह से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। जिला खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर का कहना है कि समितियों की मांग के अनुसार लिमिट बढ़ाई है। कितने किसानों ने धान की बिक्री की है, वह अंतिम तिथि के बाद पता चलेगा।