लखनऊ(ईएमएस)। यूपी के लखनऊ एयरपोर्ट से सऊदी जा रहे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सूत्रों के मुताबिक, विमान मुंबई के पास पहुंच चुका था, तभी केबिन प्रेशर में दिक्कत आ गई। यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद पायलट ने मुंबई एयरपोर्ट अथॉरिटी से संपर्क किया। वहां लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली तो लखनऊ एयरपोर्ट से संपर्क किया। यहां से परमिशन दे दी गई। 82 मिनट में विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंच गया। जेद्दा जा रहे सऊदिया अरबिया एयरलाइंस के विमान (फ्लाइट नंबर एसवी 891) में 275 यात्री सवार हैं। 4 पायलट और 6 क्रू मेंबर भी थे। विमान के टेकऑफ का टाइम दोपहर 12:05 बजे होता है। आज 12:23 पर उड़ान भरी थी और दोपहर 1:45 बजे रास्ते से लौट आया। विनोद उपाध्याय / 30 जनवरी, 2026