क्षेत्रीय
30-Jan-2026


छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। भाजपा की तीन इंजन वाली सरकार में जनता और कर्मचारी सब जमकर पिस रहे हैं। सांसद भाषणों और घोषणाओं में विकास को रफ्तार दे रहे और भाजपा शासित निगम के कर्मचारी वेतन को तरस रहे। जनता से भरपूर टैक्स वसूलने के बाद भी ननि समय पर वेतन का भुगतान नहीं कर पा रही। प्रश्न उठता है कि भाजपा सरकार चला रही है या फिर तीन इंजन से केवल भाषणा और घोषणा की गाड़ी दौड़ा रही। छिंदवाड़ा नगर पालिक निगम में नेता प्रतिपक्ष हंसा अम्बर दाढ़े ने यह बात कही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में ऐसे हालात कभी नहीं बने कि जनता से अनाप शनाप कर वसूला गया हो। भाजपा ने जनता पर कर का बोझ डाला और सुविधाएं शून्य कर दी। निगम पर तीखा हमला बोलते हुए हंसा ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार के दावों के बावजूद न तो शहर में मूलभूत सुविधाएं मिल रही हैं, न विकास कार्यों में गति है। स्थिति यह है कि नगर निगम अपने ही कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान में भी पूरी तरह असमर्थ व विफल हो चुकी है। वर्तमान में नगर निगम को चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि अत्यंत कम प्राप्त हो रही। जिसका सीधा असर कर्मचारियों के वेतन पर पड़ रहा। वेतन समय पर न मिलने के कारण सैकड़ों कर्मचारी परिवार आर्थिक व मानसिक संकट से गुजर रहे। सत्ता के दबाव में निगम कर्मचारी खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं और दबे स्वर में अपनी पीड़ा व्यक्त कर रहे। वास्तविक काम के बजाय केवल बिल निकालने की खानापूर्ति हो रही है। ईएमएस / 30/01/2026