राज्य
31-Jan-2026


प्रनाम के अध्यक्ष पवन की काउंसलिंग से कबीर आश्रम के 215 सदस्यों ने किया देहदान भिलाई (ईएमएस)। नेहरू नगर स्थित निर्मल ज्ञान मंदिर कबीर आश्रम में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। आश्रम के 57वें वार्षिक आध्यात्मिक सत्संग महायज्ञ के पावन अवसर पर अध्यात्म को मानवता की सेवा से जोड़ते हुए तीन सदस्यों ने मरणोपरांत देहदान का संकल्प लिया। जीते जी रक्तदान-जाते जाते देहदान के इस पुनीत आह्वान को साकार करते हुए आश्रम के सदस्य हिरेन्द्र कुमार साहू, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती धनेश्वरी साहू और तुलसीराम साहू ने अपनी पार्थिव काया को चिकित्सा शोध के लिए समर्पित करने का वसीयतनामा सौंपा। इस भावुक कर देने वाले क्षण में देहदानियों ने समाज को यह संदेश दिया कि मृत्यु के बाद भी हमारी काया किसी के काम आ सके, इससे बड़ा कोई परोपकार नहीं है। कार्यक्रम के दौरान देहदान अभियान के प्रणेता व प्रनाम संस्था के अध्यक्ष पवन केसवानी ने गौरवपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नेहरू नगर कबीर आश्रम सेवा और समर्पण का केंद्र बन चुका है, जहां से अब तक 215 सदस्य देहदान का संकल्प ले चुके हैं। इनमें से 6 सदस्यों की पार्थिव देह मरणोपरांत छत्तीसगढ़ के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों को सौंपी जा चुकी है, जो आने वाले भविष्य के डॉक्टरों की शिक्षा में नींव का पत्थर साबित हो रही है। महायज्ञ में विशेष रूप से उपस्थित पूज्य संत श्री अभय साहेब जी ने इस नि:स्वार्थ पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि संत कबीर का मार्ग ही सेवा का मार्ग है। उन्होंने तीनों देहदानियों और प्रेरक पवन केसवानी को आशीर्वाद प्रदान कर सम्मानित किया। विदित हो कि प्रतिवर्ष कबीर आश्रम के इस वार्षिक आयोजन में देहदान के लिए एक विशेष सत्र समर्पित रहता है, जिसमें पवन केसवानी के नेतृत्व में प्रनाम संस्था निरंतर सहभागिता निभा रही है। इस पुनीत आयोजन की सफलता में संस्था के वरिष्ठ सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रही। कार्यक्रम को व्यवस्थित बनाने में आत्माराम साहू, डॉक्टर हीरालाल साहू, प्रेम दास साहू, शिवकुमार साव, उर्मिला साहू, रामाधार साहू एवं गौकरण लाल साहू सहित अन्य सेवादारों ने अपना सक्रिय और विशेष योगदान दिया। ईएमएस/मोहने/ 31 जनवरी 2026