मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म निर्माता फरहान अख्तर ने अपनी मोस्टअवेटेड फिल्म ‘डॉन 3’ को अस्थायी रूप से होल्ड पर डालने का फैसला किया है। इस आइकॉनिक फ्रेंचाइजी की कास्टिंग को लेकर फरहान जल्दबाजी नहीं करना चाहते, क्योंकि उनके लिए सही चेहरे का चयन सबसे अहम है। उन्होंने इसी वजह से ‘डॉन 3’ को विराम देते हुए अपनी लंबे समय से अटकी फिल्म ‘जी ले जरा’ पर फोकस करने का मन बना लिया है। जानकारी के मुताबिक, फरहान अख्तर का मानना है कि ‘डॉन’ जैसी बड़ी और प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी के लिए कास्टिंग में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। उनके लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक विरासत है, जिसे सही दिशा में आगे बढ़ाना जरूरी है। ऐसे में जब तक उन्हें ‘डॉन 3’ के लिए परफेक्ट लीड नहीं मिल जाता, वह इस प्रोजेक्ट को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। इसी बीच फरहान को लगा कि यह सही समय है अपनी दिल के बेहद करीब रही फिल्म ‘जी ले जरा’ को फिर से पटरी पर लाने का। यह एक रोड-ट्रिप ड्रामा फिल्म है, जिसमें प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ लीड रोल में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म की घोषणा साल 2021 में की गई थी, लेकिन इसके बाद से यह लगातार देरी का शिकार होती रही। अब ‘डॉन 3’ के कास्टिंग स्टेज पर अटके होने के कारण फरहान ने ‘जी ले जरा’ को अपनी पहली प्राथमिकता बना लिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘जी ले जरा’ की स्क्रिप्ट पहले ही पूरी तरह फाइनल हो चुकी है। फिल्म के अटकने की सबसे बड़ी वजह तीनों बड़ी एक्ट्रेसेस की डेट्स का मेल न खाना रहा है। तीनों ही अपनी-अपनी फिल्मों और इंटरनेशनल कमिटमेंट्स में व्यस्त रहीं, जिससे एक कॉमन शेड्यूल निकालना मुश्किल हो गया। हालांकि अब फरहान अख्तर ने प्रियंका, आलिया और कैटरीना से दोबारा बातचीत शुरू कर दी है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही एक साझा समय-सीमा निकल आएगी। सूत्रों का कहना है कि अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो ‘जी ले जरा’ 2026 की दूसरी छमाही में फ्लोर पर जा सकती है। क्रिएटिव स्तर पर फिल्म पूरी तरह तैयार है और अब सिर्फ डेट्स मैनेज करने की चुनौती बाकी है। सुदामा/ईएमएस 01 फरवरी 2026