मनोरंजन
01-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। कॉमेडी फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अभिनेता परेश रावल ने चुप्पी तोड़ते हुए साफ कर दिया है कि फैंस को निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कंफर्म किया है कि ‘हेरा फेरी 3’ बंद नहीं हुई है और यह फिल्म जरूर बनेगी। एक इंटरव्यू में परेश रावल ने कहा कि फिल्म को लेकर जो भी अफवाहें उड़ रही हैं, उनमें सच्चाई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रोजेक्ट में देरी उनके कारण नहीं हुई है। परेश रावल के मुताबिक, फिल्म के अटकने की असली वजह अक्षय कुमार और मेकर्स के बीच कुछ तकनीकी मुद्दे हैं, जिन्हें सुलझाया जाना बाकी है। उन्होंने उन खबरों को भी सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि अक्षय कुमार ने उन पर 25 करोड़ रुपये का केस कर दिया है। परेश रावल ने इन दावों को पूरी तरह बकवास बताते हुए कहा कि ऐसी बातें सिर्फ हवा में फैलाई जा रही हैं। परेश रावल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि बीच में जो यह हल्ला मचा था कि अक्षय कुमार ने उन पर करोड़ों का दावा किया है, उसका कोई असर नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ही प्रोड्यूसर और अक्षय कुमार के बीच का मामला सुलझ जाएगा, वह तुरंत फिल्म के पेपर्स साइन करने के लिए तैयार हैं। उनके मुताबिक, ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर उनकी तरफ से कोई रुकावट नहीं है। अपने आइकॉनिक किरदार बाबूराव गणपतराव आप्टे यानी बाबू भैया को लेकर परेश रावल ने बेहद बेबाक बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनके बिना ‘हेरा फेरी 3’ की कल्पना करना भी बेकार है। परेश रावल ने साफ शब्दों में कहा कि अगर मेकर्स बाबू राव के बिना फिल्म बनाने का सोचते हैं, तो यह फैसला फिल्म को ले डूबेगा। उन्होंने यह बात बिना किसी घमंड के कही और दावा किया कि बाबू भैया के बिना यह फ्रेंचाइजी अधूरी है। परेश रावल ने दोहराया कि उन्हें पूरा भरोसा है कि ‘हेरा फेरी 3’ 100 प्रतिशत बनेगी। जैसे ही अक्षय कुमार और प्रोड्यूसर के बीच का मसला सुलझेगा, फिल्म तेजी से आगे बढ़ेगी। बता दें कि बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी में शुमार ‘हेरा फेरी’ का तीसरा भाग ‘हेरा फेरी 3’ लंबे समय से चर्चा में बना हुआ है। कभी फिल्म के बंद होने की खबरें सामने आती हैं तो कभी कलाकारों के बीच मतभेद की बातें सुर्खियां बनती हैं। सुदामा/ईएमएस 01 फरवरी 2026