मनोरंजन
01-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने 19 साल पहले ( 29 जनवरी 2007) ब्रिटेन के चर्चित रियलिटी शो ‘बिग ब्रदर’ की ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया था। इस शो के दौरान नस्लवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करते हुए शिल्पा ने संयम, आत्मसम्मान और साहस के साथ यह जीत हासिल की थी। यह सिर्फ एक रियलिटी शो की जीत नहीं थी, बल्कि एक भारतीय महिला के धैर्य, आत्मबल और गरिमा की वैश्विक विजय थी। ‘बिग ब्रदर’ के उस सीजन में शिल्पा शेट्टी को कई बार नस्लीय टिप्पणियों और अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ा। ब्रिटिश हस्ती जेड गुडी और उनके कुछ साथियों के बर्ताव को दुनियाभर में नस्लवाद के रूप में देखा गया, जिसने ब्रिटेन समेत कई देशों में तीखी बहस छेड़ दी। इस विवाद ने न केवल शो को सुर्खियों में ला दिया, बल्कि नस्लभेद जैसे मुद्दों पर समाज को सोचने पर भी मजबूर किया। तमाम दबाव और मानसिक तनाव के बावजूद शिल्पा ने शो में गरिमा बनाए रखी और हर परिस्थिति में खुद को मजबूती से पेश किया। इस सीजन में शिल्पा के साथ कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भी शामिल थीं, जिनमें माइकल जैक्सन के भाई जर्मेन जैक्सन और पॉप सिंगर इयान वाटकिंस जैसे नाम शामिल थे। तमाम विवादों के बीच शिल्पा को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला। फाइनल में उन्हें 67 प्रतिशत पब्लिक वोट हासिल हुए, जो उनकी लोकप्रियता और लोगों के भरोसे को साफ दर्शाता है। जीत के बाद जब वह घर से बाहर निकलीं तो आतिशबाजी और तालियों की गूंज के साथ उनका भव्य स्वागत हुआ। 31 साल की उम्र में शिल्पा शेट्टी ने 100,000 पाउंड की प्राइज मनी अपने नाम की। जीत के बाद नस्लवाद विवाद पर पूछे गए सवालों पर उन्होंने बेहद संतुलित प्रतिक्रिया दी और कहा कि लोग गलतियां करते हैं और हम सभी इंसान हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि जेड गुडी गुस्सैल हो सकती है, लेकिन वह उन्हें नस्लभेदी नहीं मानतीं। इस बयान ने शिल्पा की परिपक्व सोच और बड़े दिल को भी दर्शाया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद शिल्पा शेट्टी की लोकप्रियता न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी, बल्कि भारत में भी वह और मजबूत पहचान के साथ उभरीं। सुदामा/ईएमएस 01 फरवरी 2026