मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड के मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान करने के बाद कई सेलेब्रिटीज ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। इसे लेकर वरिष्ठ फिल्ममेकर महेश भट्ट का भावुक बयान भी सामने आया है। अरिजीत सिंह का प्लेबैक सिंगिंग से हटना बॉलीवुड के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। पिछले एक दशक में उनकी आवाज ने अनगिनत गानों को अमर बना दिया। ‘तुम ही हो’, ‘चन्ना मेरेया’, ‘अगर तुम साथ हो’, ‘राब्ता’, ‘केसरिया’, ‘तेरा यार हूं मैं’, ‘तुझे कितना चाहने लगे’ और हालिया ‘घर कब आओगे’ जैसे गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट का अहम हिस्सा हैं। इसके अलावा विशाल भारद्वाज की अपकमिंग फिल्म ‘ओ रोमियो’ का गाना ‘हम तो तेरे ही लिए थे’ उनके आखिरी प्लेबैक गानों में शामिल बताया जा रहा है। हालांकि अरिजीत ने यह भी साफ किया है कि वह संगीत से पूरी तरह दूर नहीं हो रहे हैं, बल्कि सिर्फ फिल्मों के प्लेबैक काम से विराम ले रहे हैं। इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए महेश भट्ट ने इसे एक कलाकार की आत्मिक यात्रा से जोड़ा। उन्होंने कहा कि कुछ कलाकार अपने शिखर पर पहुंचकर शोरगुल से दूर हो जाते हैं। वे कला से नहीं, बल्कि उस कोलाहल से दूरी बनाते हैं, जो सफलता के साथ आता है। ऐसे कलाकार निरंतर परफॉर्म करने के बजाय खामोशी, एकांत और सच्चाई को चुनते हैं। महेश भट्ट का मानना है कि अरिजीत का फैसला भी इसी आत्मिक समझ का नतीजा है। महेश भट्ट ने उस पल को भी याद किया जब उन्होंने पहली बार अरिजीत सिंह को देखा था। यह मुलाकात फिल्म ‘आशिकी 2’ के दौरान हुई थी। उन्होंने बताया कि मुंबई के खार स्थित टी-सीरीज के पुराने ऑफिस में म्यूजिक लॉन्च के दौरान अरिजीत को ‘तुम ही हो’ गाने के लिए बुलाया गया था। मंच पर एक शर्मीला, सादा सा युवक आया और जैसे ही उसने गाना गाया, माहौल बदल गया। उस वक्त किसी को अंदाजा नहीं था कि यही आवाज आने वाले सालों में करोड़ों दिलों पर राज करेगी। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में अरिजीत सिंह ने फैंस का आभार जताते हुए लिखा कि इतने वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए वह हमेशा कृतज्ञ रहेंगे। उनके इस फैसले पर श्रेया घोषाल, चिन्मयी श्रीपदा और शिल्पा राव समेत कई गायकों ने उनके साहस और आत्मिक स्पष्टता की सराहना की है। बता दें कि मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। 38 वर्षीय अरिजीत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए साफ किया कि अब वह फिल्मों के लिए कोई नया प्लेबैक असाइनमेंट नहीं लेंगे। उनके इस फैसले ने न सिर्फ फैंस, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया है। सुदामा/ईएमएस 01 फरवरी 2026