01-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की ओर से अब तक सिर्फ एक ही बल्लेबाज ने शतक लगाया है सुरेश रैना। 2007 से 2024 तक खेले गए नौ संस्करणों में कोई भी दूसरा भारतीय खिलाड़ी इस उपलब्धि को हासिल नहीं कर पाया। 2010 वर्ल्ड कप में रैना ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 101 रनों की यादगार पारी खेली थी, जो आज भी भारतीय टी20 इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है। हाल ही में सुरेश रैना ने खुलासा किया कि उनका मानना है कि आने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनका यह रिकॉर्ड कौन भारतीय बल्लेबाज तोड़ सकता है। हैरानी की बात यह है कि रैना का जवाब वह नाम है जो फिलहाल बेहद खराब फॉर्म से जूझ रहा है संजू सैमसन। रैना का कहना है कि सैमसन में बड़ा स्कोर खेलने की प्रतिभा, तकनीक और विस्फोटक क्षमता है। उनके अनुसार, अगर सैमसन को सही मौका और टीम का समर्थन मिला, तो वह आसानी से किसी भी बड़े प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मैच बदलने वाली पारी खेल सकते हैं और भारतीय टीम की ओर से टी20 विश्व कप में दूसरा शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। रैना ने कहा कि सैमसन की बैटिंग स्टाइल उन्हें बड़े टूर्नामेंटों के लिए उपयुक्त बनाती है। उनका मानना है कि संजू में वह नैचुरल फ्लो और पॉवर हिटिंग है, जिसके दम पर वे 2026 विश्व कप में धमाका कर सकते हैं। हालांकि रैना ने यह भी माना कि इसके लिए सैमसन को टीम मैनेजमेंट का भरोसा और लगातार मौका मिलना बेहद ज़रूरी है। हालांकि, वर्तमान फॉर्म को देखते हुए संजू सैमसन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की टी20 सीरीज में वह बुरी तरह फ्लॉप रहे हैं। शुरुआती तीन मुकाबलों में वह सस्ते में आउट हुए, जबकि चौथे मैच में कुछ अच्छे शॉट खेलने के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल सके। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट सैमसन को आगे के मैचों में मौका देता है या फिर उन्हें बाहर बैठाने का फैसला लेता है। उनकी कमजोर प्रदर्शन को लेकर भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल भी खुलकर सवाल उठा चुके हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या संजू सैमसन रैना के भरोसे को सही साबित कर पाएंगे और 2026 टी20 विश्व कप में भारत की ओर से दूसरा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बनेंगे। डेविड/ईएमएस 01 फरवरी 2026