शाजापुर (ईएमएस)। चौबदारवाड़ी इलाके में एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडों के साथ तलवार और धारिया जैसे घातक हथियार चले। इस खूनी संघर्ष में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है। घटना शनिवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की है। पुलिस को दी गई शिकायत में फरियादी कयामउल्ला खान 37, निवासी चौबदारवाड़ी ने बताया कि विवाद की शुरुआत आरोपी के लड़के को समझाने की बात को लेकर हुई थी। यह बात दूसरे पक्ष को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। फरियादी के अनुसार, आरोपियों ने एकजुट होकर सुनियोजित तरीके से हमला किया। उनके हाथों में तलवार, धारिया और लाठी-डंडे थे। इस हमले में कयामउल्ला खान और उनके तीन अन्य साथी घायल हो गए। हमलावरों ने मौके पर दहशत फैलाते हुए घायलों को जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रित किया। इन 9 आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी की शिकायत पर 9 आरोपियों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया है जिसमें जाकीर हुसैन, अयान हुसैन, रेहान हुसैन, सादाल हुसैन, सद्दाम हुसैन, शब्बीर हुसैन, अरबाज हुसैन, अमान हुसैन, समीर शामिल हैं। ईएमएस / 01 फरवरी 2026