बिलासपुर (ईएमएस)। सकरी थाना क्षेत्र के तिवारीपारा निवासी किसान मेलाराम जांगड़े ने जमीन बंटवारे की पुरानी रंजिश को लेकर पैरा में आग लगाने का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना में कोठार में रखा लगभग पांच ट्रैक्टर पैरा जलकर नष्ट हो गया, जिससे किसान को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान मेलाराम जांगड़े के अनुसार वह 30 जनवरी की शाम करीब 6 बजे खैरा गांव में अपने अधिया में दिए धान को बेचने गया हुआ था। इसी दौरान खेत में काम कर रहे किसान के मोबाइल पर उसके बेटे राजू जांगड़े का फोन आया, जिसमें बताया गया कि कोठार में रखे पैरा में आग लग गई है। सूचना मिलते ही मेलाराम जांगड़े तत्काल खैरा से वापस लौटे और कोठार पहुंचकर देखा कि गायों के चारे और घरेलू उपयोग के लिए रखा गया पैरा आग की चपेट में आकर जल रहा था। आग में करीब पांच ट्रैक्टर पैरा पूरी तरह नष्ट हो गया। पीडि़त ने बताया कि घर पहुंचने पर उसके दोनों बेटे राजू जांगड़े और संदीप जांगड़े ने जानकारी दी कि उन्होंने दुकान के पास चोलाराम जांगड़े को कोठार की ओर जाते हुए और आग लगाकर वापस आते हुए देखा था। पीड़ित का आरोप है कि जमीन बंटवारे को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते चोलाराम जांगड़े ने जानबूझकर पैरा में आग लगाई। मेलाराम जांगड़े ने बताया कि जब वह आरोपी से बात करने गया तो आरोपी ने विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 01 फरवरी 2026