बिलासपुर (ईएमएस)। मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल की ज़ीरो टॉलरेंस नीति एक बार फिर अपराधियों पर भारी पड़ी है। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन और सख़्त मॉनिटरिंग में मुंगेली पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत वाहन चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए ट्रैक्टर सहित 7 मोटरसाइकिलें और घटना में प्रयुक्त एक अन्य बाइक जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की है। कुल जब्ती की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है। सायबर सेल और थाना लोरमी, सिटी कोतवाली व फास्टरपुर की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से मेलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाकर दोपहिया वाहन चोरी कर रहे थे और हाल ही में बड़े लाभ के लालच में ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाई गई थी। सशक्त एप के माध्यम से मिले त्वरित तकनीकी इनपुट ने पुलिस को आरोपियों तक पहुँचने में निर्णायक भूमिका निभाई। एसएसपी भोजराम पटेल ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराधियों के लिए मुंगेली ज़िला सुरक्षित ठिकाना नहीं है। चोरी और संगठित अपराध के खिलाफ हमारी कार्रवाई लगातार और कठोर रहेगी। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें और घर-दुकानों में सीसीटीवी लगाकर सुरक्षा मजबूत करें। इस कार्रवाई में सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा, थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव, कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 01 फरवरी 2026