बिलासपुर (ईएमएस)। चुनाव आयोग के शासकीय कार्य (एसआईआर) में लगे एक शिक्षक के साथ मारपीट करने और शासकीय काम में बाधा पहुंचाने का एक मामला सामने आया है। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम भुरकुण्डा में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के रूप में कार्यरत शिक्षक के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भालूचुआ, थाना भोरमदेव, जिला कवर्धा निवासी अश्वन कुमार डहरे (35 वर्ष) वर्तमान में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भुरकुण्डा में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उन्हें एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) कार्य के अंतर्गत मतदान केन्द्र क्रमांक 292, ग्राम भुरकुण्डा में बीएलओ नियुक्त किया गया है। शिक्षक अश्वन कुमार डहरे ने बताया कि 30 जनवरी की सुबह वह ग्राम भुरकुण्डा में चन्द्रशेखर की दुकान के पास मतदाता सूची में त्रुटि सुधार एवं नए मतदाताओं के नाम जोडऩे का शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम भुरकुण्डा निवासी जीवन साहू वहां पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने लगा। आरोप है कि जीवन साहू ने जान से मारने की धमकी देते हुए शिक्षक पर बलपूर्वक हमला किया और हाथ-मुक्के एवं चप्पल से मारपीट की। मारपीट से शिक्षक के कंधे और गले के पास चोट आई है। पीड़ित शिक्षक की रिपोर्ट पर पचपेड़ी पुलिस ने आरोपी व अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 01 फरवरी 2026