क्षेत्रीय
01-Feb-2026


बिलासपुर (ईएमएस)। तोरवा थाना क्षेत्र के हेमू नगर चौक के पास स्थित एक होटल में देर रात चोरी की कोशिश करते हुए एक युवक को मोहल्लेवासियों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची तोरवा पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हेमू नगर चौक निवासी होटल व्यवसायी गौतम मालाकार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 जनवरी की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपनी दुकान मालाकार स्वीट्स बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 12 बजे परिवार सहित सो गए थे। तडक़े करीब 3 बजे पड़ोसी रोहित ने फोन कर सूचना दी कि दुकान में चोरी हो रही है और चोर को पकड़ लिया गया है। सूचना मिलते ही गौतम मालाकार अपनी बहन अंजली मालाकार के साथ दुकान पहुंचे। वहां देखा गया कि दुकान में लगे लोहे के पल्ले वाले दरवाजे को तोडक़र आरोपी होटल के भीतर घुसा था। आरोपी ने तीन एलईडी बल्ब, लोहे के तीन रिंग, एक नल की टोंटी और दो पुरानी सायकल चोरी कर पास में खड़े हाथ ठेला में रख दिए गए थे। इतना ही नहीं, आरोपी ने पास की दुकान संचालक आलोक पाल की दुकान से मरम्मत के लिए आए 40 इंच एलईडी टीवी का कांच तोडक़र करीब 5 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी करने का प्रयास किया था। पकड़े गए युवक से पूछताछ में उसकी पहचान निशार खान, निवासी चुचुहियापारा, थाना सिरगिट्टी के रूप में हुई। पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 01 फरवरी 2026