बिलासपुर (ईएमएस)। सकरी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने नकदी सहित सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित की शिकायत पर सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जोकी सकरी निवासी दीपक सूर्यवंशी, जो पेशे से पेंटर हैं। 30 जनवरी की सुबह करीब 10.30 बजे अपने छोटे भाई हिमेश कुमार के साथ मोटर सायकल से बिलासपुर काम पर गए थे। घर में ताला लगाकर दोनों भाई निकल गए थे, जबकि उनके पिता धरमलाल सूर्यवंशी और छोटी बहन कुमारी संगीता सूर्यवंशी सिम्स अस्पताल गए हुए थे। दोपहर करीब 2.30 बजे जब दीपक सूर्यवंशी घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का बाहरी दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखने पर पाया कि घर में रखा संदूक खुला हुआ है और उसमें रखा सामान बिखरा पड़ा है। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल परिजनों को दी। परिजनों ने बताया कि घर के अंदर रखे संदूक में ताला लगा था, जिसकी चाबी उनके पास ही थी। संदूक में रखे पर्स की जांच करने पर उसमें रखे नगदी पैसे, सोने की माला और अंगूठी, चांदी का बाजूबंद, करधन और पायल गायब पाए गए। पीड़ित ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 01 फरवरी 2026