बिलासपुर (ईएमएस)। आगामी होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग-निजामुद्दीन-दुर्ग के मध्य होली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ आरामदायक यात्रा सुविधा मिल सकेगी। गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन होली स्पेशल ट्रेन दुर्ग से 1 और 2 मार्च 2026 को चलेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 08752 निजामुद्दीन-दुर्ग होली स्पेशल ट्रेन 2 और 3 मार्च 2026 को संचालित की जाएगी। इस ट्रेन का वाणिज्यिक ठहराव दुर्ग, रायपुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें जनरल, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच शामिल रहेंगे। होली के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 01 फरवरी 2026